महाराष्ट्र के ठाणे में ढही पांच मंजिला इमारत, 3 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर में इंदिरा गांधी मार्किट में एक इमारत गिरने की वजह से 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 लोग घायल भी हो गए हैं। यह घटना रविवार दोपहर को घटी। बताया जा रहा है कि यह इमारत एक क्लीनिक की थी। बिल्डिंग गिरने के बाद हादसे की जगह अफरा-तफरी मच गई और आनन फानन में घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।
बिल्डिंग गिरने के बाद बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया जिसे हटाने का काम किया जा रहा है। इस खबर पर और ज्याादा अपडेट का इंतजार है। एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि उल्हासनगर के शिवाजी चौक इलाके के कैंप 3 में मेमसाब बिल्डिंग में करीब ढाई बजे यह हादसा हुआ। इस हादसे में तीन की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
उल्हासनगर नगर निगम (यूएमसी) के मुख्य अग्नि अधिकारी भास्कर मीरबागर ने मारे गये लोगों की पहचान नीतू सादिजा (60), अनीता मौर्य (25) और दो वर्षीय प्रिया मौर्य के रूप में की है। उन्होंने कहा, ‘(अस्पताल में लाए जाने पर) उन्हें चिकित्सा अधिकारियों ने मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायल हो गये। उन्हें समीप के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर डॉ. लाल रिजवानी भी हैं।’
यूएमसी की आपदा इकाई के प्रमुख बालासाहब नेटके ने बताया कि जिस भवन में यह साई आशीर्वाद क्लीनिक था, वह पांच मंजिला था और उसमें 15 किरायेदार थे। उन्होंने कहा, ‘दूसरा तल ढहकर पहले तल पर गिर गया। इस पर पहला तल भी भूतल पर गिर गया जहां क्लीनिक था।’यूएमसी अधिकारियों के अनुसार इस भवन को सील करने का काम शुरु हो गया है। यह 1994-95 में बना था।अधिकारियों के अनुसार हादसे की जांच का आदेश दे दिया गया है।

No comments:
Post a Comment