गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ।
बिहार सरकार कला संस्कृति एवं युवा विभाग के सौजन्य से एवं जिला प्रशासन की देखरेख में गिद्धौर स्थित कुमार सुरेंद्र सिंह स्टेडियम के मैदान पर हर्षोल्लास के वातावरण में गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज हुआ।
विधायक श्रेयसी सिंह , जिलाधीश राकेश कुमार , एसपी डॉ. शौर्य सुमन , डीटीओ मो. इमरान , एसडीएम अभय कुमार तिवारी , नजारत उप समाहर्ता स्वतंत्र कुमार सुमन , एएसडीएम प्रकाश रजक , जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी आर. के. दीपक , कार्यपालक अभियंता ई. शिवशंकर दयाल , एसडीपीओ सुधीर सुमन , डीएसपी मुख्यालय अभिषेक सिंह , डीआईओ राकेश कुमार , बीडीओ अजय कुमार , सीओ रीता कुमारी समेत कई गणमान्य नागरिकों ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया अपनी दमदार उपस्थिति से इसे यादगार बनाया।
विधायक श्रेयसी सिंह ने गिद्धौर सांस्कृतिक महोत्सव के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि इसके माध्यम से गिद्धौर की विलुप्त हो रही सांस्कृतिक गतिविधियों को सजीव किया जा रहा है। उन्होंने पूज्य पिता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत दिग्विजय सिंह के द्वारा इस महोत्सव का शुभारंभ किए जाने की बात कही। श्रेयसी सिंह ने इसके सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को साधुवाद दिया।
जिला समाहर्त्ता राकेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि सरकार ने गिद्धौर राज - रियासत के सांस्कृतिक इतिहास को जीवंत रखने के लिए महोत्सव के आयोजन का निर्णय लिया है। उन्होंने महोत्सव के लिए नामित कलाकारों को अशेष स्नेह देते हुए उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
पार्श्व गायक विनोद राठौर जिला उद्घोषक डॉ. निरंजन कुमार की उद्घोषणा के कायल हो गए। उन्होंने उन्हें कार्यक्रम में जोश और जुनून पैदा करने वाला एंकर बताते हुए कहा कि इनका कोई जोड़ और जबाव नहीं है। सही समय पर सटीक शब्दों का इस्तेमाल और इनके शेर पढ़ने का अंदाज अजब , गजब और अचंभित करने वाला है। उन्होंने उनके स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
डीएम और एसपी ने कार्यक्रम के दरम्यान कलाकारों को स्मृति चिन्ह तथा अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया और उनके गायन कला की जी भरकर तारीफ की। बड़ी संख्या में मौजूद श्रोताओं एवं दर्शकों ने कार्यक्रम को देखा , सुना और इसका खूब आनंद लिया। प्रथम दिन महोत्सव उल्लास और उमंग के वातावरण में संपन्न हुआ।


No comments:
Post a Comment